साहिबाबाद। सूर्यनगर बिजलीघर में घुसकर सरकारी मोबाइल के अलावा कर्मचारियों के चार मोबाइल चोरी करने के आरोपी को कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से चोरी के सात मोबाइल भी बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सूर्यनगर स्थित बिजलीघर में 14 नवंबर को ऑटो रिक्शा चालक ने सरकारी मोबाइल समेत चार मोबाइल चोरी कर लिए। ऑनलाइन शिकायत करने के बाद घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर विद्युत कर्मी ने लोगों की मदद से खोजबीन के बाद बृहस्पतिवार को आरोपी को पकड़ लिया।
चोरी हुए मोबाइल विद्युत विभाग कर्मी विवेक, मनीष और दुष्यंत के थे। इसके बाद आरोपी को पकड़कर सूर्यनगर चौकी ले जाया गया। यहां पूछताछ में उसने अपना नाम जाहिद बताया। पुलिस ने जब छानबीन की तो उसके पास से चोरी किए हुए सात मोबाइल बरामद हुए। एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।