चार दिन से ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली-पानी के लिए परेशान घूकना गली नंबर-1 की महिलाओं ने शुक्रवार को एनएच-58 जाम कर दिया। मानव श्रृंखला बनाकर महिलाओं ने दिल्ली से मेरठ व देहरादून जाने वाले ट्रैफिक को रोक दिया।
ऐसे में दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से पुलिस अफसरों में हड़कंप मच गया। सीओ, सिटी मजिस्ट्रेट और सिहानी गेट एसएचओ मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिलाओं को शांत कराकर हाईवे से हटाया। उन्होंने पावर कारपोरेशन के अफसरों को फोन कर ट्रांसफार्मर बदलवाया और देर शाम यहां बिजली आपूर्ति बहाल हो गई।
महिलाओं का कहना है कि घूकना गली नंबर-1 चाट वाली गली में चार दिन से लाइट नहीं है। गली के बाहर रखा ट्रांसफार्मर एक सप्ताह में दो बार खराब हो चुका है। चार दिन से बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं है।
इससे नगर निगम के ट्यूबवेल भी नहीं चल रहे और पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। शिकायत करने पर भी सुनवाई न हुई तो कालोनी की महिलाओं ने दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने एनएच-58 पर घूकना मोड़ के पास जाम लगा दिया।
महिलाएं सड़क पर मानव श्रृंखला बनाकर खड़ी हो गईं। इससे ट्रैफिक जाम हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाईवे जाम होने की सूचना पर एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम, सीओ मनीष मिश्र और सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह मौके पर पहुंचे और महिलाओं का गुस्सा शांत कराकर उन्हें हाईवे से हटाया।
उन्होंने पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को फोन कर ट्रांसफार्मर बदलवाने के निर्देश दिए। कारपोरेशन के कर्मचारी थोड़ी देर बाद ही ट्रांसफार्मर बदलने पहुंच गए। पावर कारपोरेशन के एसडीओ शशांक मिश्रा का कहना है कि ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार सुबह खराब हुआ था। देर शाम उसे बदलवा कर सप्लाई सुचारु करा दी गई है।