साहिबाबाद। शालीमार गार्डन स्थित हनुमान मंदिर के पास एटीएम बूथ से रुपये निकालने गई महिला का डेबिट कार्ड बदलकर ठग ने खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने मामले की शिकायत कस्टमर केयर और स्थानीय पुलिस से की।
गणेशी देवी निवासी शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 ने बताया कि वह शालीमार गार्डन हनुमान मंदिर के पास एटीएम बूथ से रुपये निकालने के लिए गई थी। उन्होंने अपने खाते से 20 हजार रुपये निकाले। तभी एटीएम बूथ पर अज्ञात व्यक्ति आ गया। व्यक्ति ने उन्हें गुमराह करके उनका डेबिट कार्ड बदल दिया। कुछ समय बाद उनके खाते से 80 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।