संवाद न्यूज एजेंसी
गाजियाबाद। मामूली घरेलू विवाद के चलते 10वीं की छात्रा ने आठवीं मंजिल और अमरोहा के आवास विकास से सेवानिवृत्त बाबू ने 17वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी।
स्कार्डी ग्रीन सोसायटी में रहने वाले सेवानिवृत्तकर्मी संजीव कुमार अग्रवाल(62) ने 17वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। वे अमरोहा स्थित विकास भवन से बाबू के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि सोमवार की दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को सूचना मिली कि स्कार्डी ग्रीन सोसायटी में रहने वाले सेवानिवृत्त बाबू संजीव कुमार अग्रवाल (62 )ने 17वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट की बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि पत्नी से कहासुनी के बाद उन्होंने बालकनी से छलांग लगा दी। परिजन उन्हें घायल अवस्था में निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मूल रूप से संजीव अग्रवाल पुत्र आनंद प्रकाश मोहल्ला गाड़ी वार्ड संख्या 13 कच्ची पाठशाला धनौरा जनपद अमरोहा के रहने वाले थे। उनका बेटा नोएडा में सीए है
वहीं राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी के एम टॉवर पर छठी मंजिल स्थित फ्लैट निवासी अभिषेक गर्ग की 14 वर्षीय पुत्री खुशी ठाकुरद्वारा जो कि बालिका विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा थीं। रविवार रात पिता ने उन्हें पढ़ाई न करने और छोटी बहन से झगड़ने पर डांट दिया था। इस बात पर नाराज होकर रात करीब 11 बजे उसने बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। छोटी बहन ने खुशी को कूदते हुए देख लिया और चीख पड़ी। लोगों ने घायल खुशी को नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के कुछ देर बाद ही किशोरी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी है। एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा के मुताबिक उसके पिता ने मामला आत्महत्या का बताया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या का ही मामला लग रहा है। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इन्कार किया है।
मुझे अर्जेंट जॉब चाहिए
संजीव कुमार अग्रवाल ने आत्महत्या करने से करीब 17 मिनट पहले ही सोसायटी के ग्रुप में एक मैसेज शेयर किया। इसमें लिखा था कि मुझे अर्जेंट जॉब चाहिए। फुल या पार्ट टाईम। इस पर ग्रुप के सदस्य पल्लव जैन ने संजीव कुमार अग्रवाल को टैग कर लिखा कि बायोडाटा सेंड कीजिए। इसके कुछ मिनटों बाद ही सोसायटी के मोबाइल ग्रुप पर उनके आत्महत्या की सूचना दी गई।