पॉलिथीन का इस्तेमाल रोकने को पर्यावरण सचेतक समिति, मेयर और प्रशासनिक अफसरों की टीम ने नवयुग मार्केट में संडे बाजार से झोला आंदोलन शुरू किया। टीम ने दुकानदारों को प्लास्टिक के दुष्परिणाम की जानकारी दी और पॉलिथीन जब्त कर ली। करीब तीन घंटे चले अभियान में 4000 से ज्यादा दुकानदारों और ग्राहकों को जागरूक किया गया।
महापौर अशु वर्मा और पॉलिथीन उन्मूलन अभियान प्रभारी एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह और समिति के अध्यक्ष विजयपाल बघेल ने पुराना बस अड्डे से अभियान की शुरुआत की।
झोला आंदोलन में समिति के स्वयंसेवक ने पूरे संडे मार्केट में घूमकर दुकानदारों को पॉलिथीन के प्रयोग से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। ‘अभी तो सिर्फ जगाना है, आगे फिर जुर्माना है’ जैसे नारों के साथ इन स्वयंसेवकों ने उन्हें पॉलिथीन पर रोक के लिए बने कानून की भी जानकारी दी। उन्होंने करीब 10 किलो प्लास्टिक बैग जब्त किए। इस दौरान महापौर ने कहा कि झोला आंदोलन से शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने में बड़ा सहयोग मिलेगा।
एडीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि जिले को पॉलिथीन मुक्त बनाने के प्रति जन सहभागिता बढ़ रही है। प्रशासनिक टीम भी कार्रवाई कर रही है। इस दौरान वंदना चौधरी, संध्या त्यागी, नमिता भल्ला, राजीव त्यागी, लज्जा यादव, सुमन गोयल, लक्ष्मी वर्मा, रामवीर सिंह, ममता गोयल, मधु चौधरी मौजूद रहीं।