ट्रांस हिंडन एरिया (टीएचए) की कालोनियों को पानी देने के लिए जल निगम तीन रेनीवेल बनाएगा। इसके लिए रास्ता साफ हो गया है। अब जल निगम के इंजीनियर इनकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर मई महीने तक शासन को भेज देंगे। अमृत योजना के फंड से यह वाटर सप्लाई स्कीम तैयार की जाएगी।
जल निगम ने रेनीवेल के लिए नगर निगम से जमीन मांगी है। यह रेनीवेल हिंडन नदी के पास बनाए जाएंगे। ऐसे में निगम के पास जमीन उपलब्ध न हुई तो सिंचाई विभाग के माध्यम से जमीन मुहैया कराई जाएगी।
जल निगम ने हिंडन के पास बीते साल चालू हुए गाजियाबाद के पहले रेनीवेल की सफलता को देखते हुए यह स्कीम बनाने की प्लानिंग की है। जल निगम के चीफ इंजीनियर वाईके जैन का कहना है कि जल्द ही रेनीवेल की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएंगी।
टैकभनीकल कमेटी समेत कई चरणों में परीक्षण के बाद इसके केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। फंड मिलने पर काम शुरू किया जाएगा।
20 ट्यूबवेल जितना पानी मिलेगा
जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि 3 रेनीवेल से 20 एमएलडी (मिलियन लीटर/डे) पानी मिलेगा। इतने पानी के लिए तकरीबन 20 ट्यूबवेल लगाने पड़ते हैं, लेकिन ये तीन रेनीवेल पानी भी ज्यादा देंगे और बजट भी कम खर्च होगा।
वाटर सप्लाई स्कीम के लिए मिला फंड
केंद्र सरकार ने गाजियाबाद की वाटर सप्लाई स्कीम के लिए करीब 50 करोड़ रुपया नगर विकास विभाग को जारी किया है। इस फंड से जल निगम जल्द ही वाटर सप्लाई स्कीम की डीपीआर तैयार करेगा। इस फंड से लोनी में भी पानी की आपूर्ति के लिए योजना बनाई जाएगी।
इस पर करीब 27 करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा। वहीं गाजियाबाद के लिए भी वाटर सप्लाई स्कीम की डीपीआर तैयार कर जल निगम के अधिकारियों ने लखनऊ भेजी हुई है। अब इसे हाईपावर कमेटी से अनुमति मिलना बाकी है।