रामनवमी पर आयोजित एक भंडारे में शिरकत करने गाजियाबाद से मोदीनगर आ रहे एसएसपी दीपक कुमार को हाईवे पर जाम में फंसकर परेशानी झेलनी पड़ गई। यही नहीं मोदीनगर से गाजियाबाद जाते समय भी एसएसपी की कार जाम में फंस गई।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे एसएसपी दीपक कुमार मोदीनगर में भगवान गंज मंडी के सामने स्थित आयोजित एक भंडारे में शिरकत करने आ रहे थे। मोदी मंदिर के पास अचानक जाम लगने से उनकी कार कुछ देर तक जाम में फंसी रही। इसके चलते कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में हाईवे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहनों का हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इसके बाद जब वह गाजियाबाद लौटे तो सीकरी रोड के पास लगे जाम के कारण उनकी कार दोबारा जाम में फंस गई।
बता दें कि मोदीनगर के सीकरी खुर्द गांव में लग रहे सीकरी महामाया देवी मेले के चलते बुधवार को भी यहां जाम के हालात रहे। खासकर मोदी मंदिर से कोतवाली तक गाजियाबाद की ओर से आ रहे वाहन जाम में फंसे रहे जबकि सीकरी रोड के सामने मेरठ की ओर से आने वाले वाहनों का जाम का सामना करना पड़ा।
एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे ने बताया कि जाम मेले के कारण लगा था। मेले में भीड़ कम होने के साथ-साथ हाईवे पर जाम के हालात भी सुधरने शुरू हो गए हैं।