मसूरी। वेव सिटी क्षेत्र में निगम की ड्यूटी से घर लौट रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने कान के कुंडल लूट लिए। स्पोर्ट्स बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ग्राम सादत नगर इकला में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। यहां निगम से ड्यूटी कर घर लौट रही एक महिला के कान का सोने का कुंडल छीनकर तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़िता मुन्नी देवी निवासी सादत नगर की ही रहने वाली है।
वह शनिवार को नगर निगम से अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं, जब वह गांव के पास पहुंचीं, तभी स्पोर्ट्स बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ जबरन हाथापाई की और विरोध करने के बावजूद उनके कान का एक सोने का कुंडल छीन लिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी अपनी तेज रफ्तार बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने तीन बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ वेव सिटी थाने में शिकायत दी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़िता मुन्नी की शिकायत के आधार पर तीन बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।