नवंबर में विधानसभा चुनाव होने की आशंकाओं के बीच सपा ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची शुक्रवार को जारी कर दी। प्रदेश की 403 सीटों में से 143 पर पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इसमें गाजियाबाद की पांचों विधानसभा पर सपा ने अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं।
खास बात यह है कि इस बार सपा ने युवाओं पर दांव लगाया है। इनमें से तीन को पहली बार विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया है। उधर बसपा भी पूर्व में ही पांचों विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।
शहर सीट से डा. सागर शर्मा, मुरादनगर सीट से दिशांत त्यागी, लोनी से पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर मावी और साहिबाबाद से पूर्व जिलाध्यक्ष राशिद मलिक को प्रत्याशी घोषित किया गया है। मोदीनगर से रामआसरे शर्मा पर दांव लगाया है।
दिशांत त्यागी मुरादनगर में विगत एक दशक से सक्रिय हैं। उनकी मेहनत को देखते हुए पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भी सपा ने दिशांत को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। हालांकि बाद में चुनाव से ठीक पहले राजपाल त्यागी को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था।
इसी प्रकार शहर सीट से भी सपा डा. सागर शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी, मगर ऐन वक्त पर उनकी जगह पवन शर्मा को सपा ने प्रत्याशी बना दिया था। रामआसरे शर्मा पूर्व में भी सपा के टिकट से चुनाव लड़ चुके हैं, मगर वह जीत नहीं सके थे।
सूची जारी होने के साथ ही सुलगने लगी विद्रोह की चिंगारी
सपा की सूची जारी होने के साथ ही पार्टी में घमासान शुरू हो गया है। इस सूची के खिलाफ कुछ नेता खुलकर बोल रहे हैं, जबकि कुछ अंदर ही अंदर इसे गलत ठहरा रहे हैं। पार्टी से जुडे़ कई नेताओं का दबे स्वर में कहना है कि जारी प्रत्याशियों की सूची में कई ऐसे हैं, जोकि किसी कीमत पर चुनाव नहीं जीत पाएंगे।
सबसे ज्यादा विरोध शहर, लोनी और साहिबाबाद विधानसभा सीट को लेकर है। टिकट की लाइन में लगे कई कद्दावर नेताओं ने प्रत्याशी चयन को गलत बताते हुए विरोध में चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है।
प्रत्याशी घोषित करने में कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनाधार का ध्यान नहीं रखा गया है। इनमें तत्काल बदलाव किया जाए। ऐसा न होने पर हम विरोध करेंगे और सामने चुनाव लड़ेंगे। - पवन मावी, जिला उपाध्यक्ष सपा।
नेताजी के सामने अपनी बात रखी जाएगी। टिकट के हम प्रबल दावेदार हैं। नेताजी से मांग की जाएगी कि टिकट उन्हें दिया जाए। आगे पार्टी की मर्जी। - मनमोहन गामा, महानगर अध्यक्ष, सपा मजदूर सभा
पार्टी हाईकमान ने जो प्रत्याशी बनाए हैं, उनको पूरी मेहनत और ईमानदारी से चुनाव लड़ाया जाएगा। हमारा उद्देश्य हर हाल में सपा प्रत्याशी को जीत दिलाना है। - संजय यादव, महानगर अध्यक्ष।