राजेंद्र नगर स्थित डीएवी स्कूल के पास इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालक पिता-पुत्र पर हमले के विरोध में व्यापारियों ने जमकर हंगामा काटा। शालीमार गार्डन के बाजार बंद कर गौड़ प्लाजा चौक पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों ने घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी का घेराव किया।
वारदात के जल्द ही खुलासे के आश्वासन पर ही व्यापारी शांत हुए। उधर, गोली लगने से घायल पिता राजकुमार और पुत्र केसी चौधरी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि राजेंद्र नगर सेक्टर-2 निवासी राजकुमार चौधरी व उनके पुत्र केसी चौधरी और राकेश पर बुधवार रात कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं।
हमले में राजकुमार के पैर और केसी चौधरी के सीने में गोली लगी थी। बृहस्पतिवार सुबह बड़ी संख्या व्यापारी गौड़ प्लाजा चौक पर इकठ्ठा हुए और प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने रोड भी जाम कर दी।
मौके पर पहुंचे एएसपी आशीष श्रीवास्तव को व्यापारियों ने घेर लिया। एएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। व्यापारियों ने विरोध में दिनभर मार्केट बंद रखी।
इस दौरान कमल शर्मा, अरविंद चौधरी, पवन रेड्डी, संदीप पंडित, तेजपाल शर्मा, विमल महाजन, संजय त्यागी, अभिषेक मित्तल आदि व्यापारी मौजूद रहे। उधर, घटना में घायल राजकुमार और केसी चौधरी को बुधवार को अस्पताल से डिसचार्ज कर दिया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि गोली कार के शीशे से टकराकर दोनों को गोली छूकर निकल गई, जिससे उनकी जान को खतरा नहीं हुआ। उन्हें घर में ही आराम करने के लिए कहा गया है।
बदमाशों का स्केच बनवाएंगे केसी चौधरी
पुलिस के अनुसार घायल केसी चौधरी ने फायरिंग कर रहे दोनों बदमाशों को पास से देखा है। वह उन्हें पहचान सकते हैं। इसके साथ ही वह बदमाशों का स्केच बनवाएंगे, जिससे उन्हें पकड़ा जा सके।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि एक दूसरी कार भी कारोबारी की कार का पीछा कर रही थी जबकि एक कार ने सामने से उनका रास्ता रोका था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से दोनों कारों का पता लगवाने का प्रयास कर रही है।
नहीं पता चला हमले का कारण
हमलावरों ने कारोबारी और उनके बेटों को क्यों निशाना बनाया यह अभी भी रहस्य बना हुआ है। घायल पिता-पुत्र के अनुसार उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। बदमाशों ने उनसे लूटपाट का प्रयास भी नहीं किया।