पावर बैकअप और मेंटेनेंस की मांग को लेकर प्रदर्शन
गाजियाबाद। पुराने जनरेटर, खराब लिफ्ट और मेंटनेंस न होने से नाराज गुलमोहर गार्डन के लोगों ने रविवार को भी बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसवीपी बिल्डर द्वारा मांगे पूरी न करने पर पिछले रविवार को भी रेजिडेंट्स ने बिल्डर के खिलाफ पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
सोसायटी के अध्यक्ष अनिल झा ने बताया कि रेजिडेंट्स के लगातार प्रदर्शन के बावजूद बिल्डर उनकी सुध नहीं ले रहा। इससे लोगों में और ज्यादा गुस्सा है। उन्होंने कहा कि बिल्डर द्वारा सोसायटी के निवासियों से मेंटेनेंस के नाम पर लगभग पांच करोड़ रुपया ले चुका है।
इसके बावजूद सारी सुविधाएं सही से मुहैया नहीं कराई जा रही। उपाध्यक्ष मुकेश भटनागर ने कहा कि वे लोग तब तक धरना व प्रदर्शन करते रहेंगे जब तक बिल्डर उनसे बात कर समस्या का हल नहीं निकालता। प्रदर्शन में गजेंद्र सिंह आर्य, वीकेटंडन, भूपेश पायल, प्रमोद धनकड़, गिरीश सारस्वत आदि मौजूद रहे।