रिलायंस के जियो सिम और मोबाइल के लिए रिलायंस के सेंटरों पर बृहस्पतिवार को जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। खास बात यह है कि जियो सिम और मोबाइल लेने के लिए उमड़ी भीड़ में सबसे अधिक युवा नजर आए।
जीटी रोड स्थित ऑप्यूलेंट मॉल में रिलायंस के ऑथोराइज्ड सेंटर पर सुबह से ही युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देखते ही देखते स्टोर पर सिम और मोबाइल दोनों ही बिक गए। भीड़ को देखते हुए स्टोर संचालक ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की थी।
यही हाल गांधीनगर और मालीवाड़ा स्थित रिलायंस स्टोर्स में रहा। कई युवा ऐसे भी रहे जिन्हें जियो सिम हाथ नहीं लगा। ऐसे में उन्हें निराश ही वापस लौटना पड़ा। ऑप्यूलेंट मॉल में सिम लेने पहुंचे हिमांशु मित्तल का कहना था कि वह काफी देर से सिम के लिए खडे़ हैं, मगर अब बताया जा रहा है कि सिम समाप्त हो गई हैं। इसी प्रकार अमित चौधरी और रमेश को भी सिम नहीं मिला। इनको भी निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
जियो सिम चाहिए, तो चार दिन की एडवांस बुकिंग कराइए
अगर आपको रिलायंस का जियो सिम चाहिए तो चार दिन की एडवांस बुकिंग करानी होगी। हॉट सिटी के रिलांयस डिजिटल स्टोर में यही स्थिति चल रही है। आवेदन करने के चौथे दिन ही आपको जियो सिम मिल सकेगा।
स्टोर मैनेजर की मानें तो जियो सिम की मांग बेहद ज्यादा है, लेकिन सिम की सीमित संख्या ही स्टोर पर आ रही है, जिसके चलते एडवांस बुकिंग की जा रही है। हॉट सिटी में करीब आधा दर्जन रिलायंस डिजिटल स्टोर हैं, लेकिन किसी के पास भी हाथोंहाथ जियो सिम मौजूद नहीं हैं।
स्टोर मैनेजर ने बताया कि एक स्टोर में 50 सिम प्रतिदिन भेजे जा रहे हैं, जो मांग के अनुरूप काफी कम हैं। महागुन मॉल, शिप्रा मॉल, राजेंद्र नगर आदि के स्टोर में सिम तुरंत उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में, जियो सिम लेने आने वालों को एडवांस टोकन दिया जा रहा है। चार दिन बाद आने पर उन्हें सिम उपलब्ध होगा। किसी भी को लौटाया नहीं जा रहा है।