गढ़मुक्तेश्वर। आबकारी विभाग की टीम ने खादर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए छापामारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने कच्ची शराब बनाने के ठिकाने को नष्ट कर दिया और करीब 200 लीटर लहन मौके पर ही नष्ट कराया। हालांकि कार्रवाई के दौरान कोई आरोपी पकड़ में नहीं आ सका।
आबकारी निरीक्षक प्रिंयका गुप्ता के नेतृत्व में शनिवार को टीम ने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर खादर के जंगल क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों पर अभियान चलाया। टीम को मौके पर अवैध रूप से कच्ची शराब बनाने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर तलाशी ली तो वहां 70 लीटर कच्ची शराब बनाने के उपकरण, ड्रम और अन्य सामग्री बरामद हुई। आबकारी टीम ने मौके पर मौजूद करीब 200 लीटर लहन को नष्ट कर दिया। साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को भी कब्जे में लेकर कार्रवाई की गई।
निरीक्षक ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इस तरह के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों में भी सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया है ताकि अवैध शराब बनाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके। आबकारी विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब बनाए जाने की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।