दिल्ली की मंडोली जेल में बंद बदमाश अमित डागर अब कौशल गैंग से अलग होकर अपना गिरोह चला रहा है और सलमान खान को धमकी देकर फिरौती मांगने वाले लारेंस से संपर्क रखने वालों पर भी हमला करवा रहा है। राजस्थान पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, उसके गुर्गे पलवल के गांवों में छिपे हैं।
राजस्थान में कौशल गैंग के कुख्यात बदमाश अमित डागर के साथियों को दबोचने के लिए राजस्थान पुलिस पलवल में डेरा डाले हुए हैं। जिले की पुलिस से भी सहायता ली जा सकती है। राजस्थान पुलिस के एक-दो कर्मी पलवल में रहकर अमित डागर के साथियों की तलाश कर रहे हैं।
विज्ञापन
बदमाश अमित डागर के परिजनों पर भी पूरी नजर रखी जा रही है। भिवाड़ी में 25 अगस्त को बदमाश अमित डागर के गुर्गों ने एक स्क्रैप व्यापारी से पांच करोड़ की फिरौती मांगने के लिए फायरिंग की थी। वहीं, अब 13 सितंबर को एक बेकरी पर गोलियां बरसाकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद राजस्थान पुलिस और भी ज्यादा सक्रिय हो गई है।
राजस्थान पुलिस को अंदेशा है कि जेल के अंदर बैठकर ही बदमाश अमित डागर ने गिरोह चलाना शुरू कर दिया है। पलवल से अपने साथियों को भेजकर अमित राजस्थान के विभिन्न शहरों में इस तरह से गोलियां चलवाकर व्यापारियों से रंगदारी मांग रहा है। उसके साथी वहां गोलियां चलाकर पलवल में छिप जाते हैं।
विज्ञापन
राजस्थान पुलिस के ही एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली की मंडोली जेल में बंद बदमाश अमित डागर अब कौशल गैंग से अलग होकर अपना गिरोह चला रहा है और सलमान खान को धमकी देकर फिरौती मांगने वाले लारेंस से संपर्क रखने वालों पर भी हमला करवा रहा है। राजस्थान पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, उसके गुर्गे पलवल के गांवों में छिपे हैं, जिनके बारे में अमित के परिजनों को भी जानकारी है।
इसी के कारण राजस्थान पुलिस यहां निगरानी कर रही है। पिछले दिनों भी राजस्थान पुलिस अमित डागर के गांव महेशपुर में उसके घर पर परिजनों से पूछताछ करने आई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अमित डागर के गुर्गों को दबोचने के लिए स्थानीय पुलिस की भी मदद लेने का प्रयास किया जा रहा है।
उनकी साइबर टीम भी पूरी तरह से निगरानी रखे हुए है और जल्द ही अमित डागर से भी उसके गुर्गों की जानकारी जुटाई जाएगी। उधर, स्थानीय पुलिस को इस बात की खबर तक नहीं है कि पलवल में राजस्थान पुलिस बदमाश अमित डागर के गुर्गों की तलाश में डेरा डाले हुए हैं।