गाजियाबाद के कनौजा गांव में नवजात शिशुओं के अंतिम संस्कार के पवित्र स्थल पोखर के साथ छेड़छाड़ किए जाने के विरोध में बुधवार शाम ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने दिवंगत मासूम आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पोखर के अस्तित्व को नुकसान पहुंचाने के साथ ही वहां मौजूद अवशेषों को भी इधर-उधर फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही गांव में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक पवित्र स्थल के साथ छेड़छाड़ का मामला नहीं है, बल्कि इससे धार्मिक आस्था, वर्षों पुरानी परंपराओं और मानवीय संवेदनाओं को भी ठेस पहुंची है। शाम पांच बजे गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष, बुजुर्ग और युवा हाथों में मोमबत्तियां लेकर एकत्र हुए। इसके बाद पूरे गांव में शांतिपूर्ण तरीके से कैंडल मार्च निकाला गया।
ग्रामीणों ने मौन रखकर दिवंगत मासूम आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। जिसने भी यह घिनौना कृत्य किया है या करवाया है और जिन लोगों की भी इसमें संलिप्तता है, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। यह हमारी आस्था और भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पवित्र स्थल की सुरक्षा और उसके मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने की भी अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। कैंडल मार्च में गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष गुलशन राजपूत, अनुज पुंडीर, अजीत प्रधान, दीपक त्यागी, मनीष त्यागी, मोहित शर्मा, सोनू शर्मा, विपिन त्यागी, गर्वित त्यागी, निक्कू त्यागी, मुकेश कुमार, मुकुल शर्मा, रवि चौधरी, जनमेजय शर्मा आदि मौजूद रहे।