कालोनियों में बढ़ती पार्किंग समस्या को देखते हुए आवास विकास परिषद ने आगामी सस्ती योजनाओं में आवंटियों को ओपन पार्किंग मुहैया करवाने की प्लानिंग की है। सबसे पहले मंडोला विहार की आसरा-सपना योजना के आवंटियाें को इसका लाभ मिलेगा।परिषद की एलआईजी और अन्य सस्ती योजनाओं में कवर्ड पार्किंग देने का प्रावधान नहीं है।
दरअसल, कवर्ड या बेसमेंट पार्किंग बनाने पर योजना की लागत बढ़ जाती है, जिसके चलते अभी तक सस्ती योजनाओं में पार्किंग नहीं दी जाती थी मगर भविष्य में पार्किंग की समस्या को देखते हुए परिषद ने ओपन पार्किंग की योजना तैयार की है। मंडोला विहार की आसरा-सपना योजना को सबसे पहले इसका लाभ मिलेगा।
परिषद ने ले-आउट में फ्लैटों के साथ ओपन स्पेस छोड़ा है। इस जगह से न सिर्फ फ्लैटों का वेंटिलेशन अच्छा रहेगा बल्कि ओपन स्पेस मिलने से पार्किंग की समस्या का भी समाधान होगा। आसरा सपना के फ्लैटाें का पजेशन मिलना शुरू हो गया है।
आवास आयुक्त आरपी सिंह ने बताया कि ले-आउट में अतिरिक्त स्पेस की व्यवस्था की गई है, जिसे पार्किंग में रूप में उपयोग किया जाएगा।परिषद अधिकारियाें की मानें तो आसरा-सपना योजना में पहले कवर्ड पार्किंग देने की योजना थी।
पार्किंग निर्माण का एस्टीमेट तैयार किया गया तो फ्लैटाें की लागत करीब दो लाख रुपये अधिक हो गई। कवर्ड पार्किंग बेसमेंट में बनाए जाने की योजना से लागत बढ़ गई थी, जिसकी वजह से परिषद ने अब ओपन स्पेस में ही पार्किंग देने की योजना बनाई।
वर्तमान योजनाओं में पार्किंग की समस्या के चलते उठाया कदम
वर्तमान एलआईजी और ईडब्ल्यूएस योजनाओं में पार्किंग की समस्या विकराल हो चुकी है। वसुंधरा सेक्टर-4, सेक्टर-15, 17 आदि में पार्किंग समस्या के चलते लोग रोड पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए परिषद ने नई योजना बनाई है।