साहिबाबाद। इंदिरापुरम में बृहस्पतिवार रात से ही कटौती हुई और शुक्रवार सुबह 11 बजे तक बिजली का आना-जाना लगा रहा। वहीं, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में 33 केवी लाइन में फॉल्ट की वजह से करीब सात घंटे बिजली गुल रही। लोग अधिकारियों से कॉल और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करके समाधान मांगते रहे। वहीं टीला मोड़, भोपुरा, डिफेंस कॉलोनी समेत कई इलाकों में चार घंटे बिजली गुल से लोग परेशान रहे।
टीएचए में बिजली कटौती का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। इंदिरापुरम न्यायखंड एक निवासी अंजू देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार पूरी रात बिजली गायब रही। करीब रात दो बजे के बाद तो पूरी तरह चली गई। इसके बाद शुक्रवार करीब सात बजे दस मिनट के लिए आई और फिर से चार घंटे के लिए चली गई। सुबह 11 बजे आपूर्ति सामान्य हुई, जिसके बाद लोगों राहत की सांस ली। सुबह में बिजली नहीं होने की वजह से लोगों को पानी भी नहीं मिला। वहीं, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी निवासी रविकुमार ने बताया कि कॉलोनी में चार पांच घंटे की बिजली कटौती तो सामान्य हो गई है। बिजली नहीं होने की वजह ठीक से इनवर्टर चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इसलिए इनवर्टर भी जल्दी ही बंद हो जाते हैं। भोपुरा निवासी संजय शर्मा ने बताया कि रात करीब नौ बजे से बिजली काट दी गई। लोगों ने इसके बाद अधिकारी को फोन करने शुरू किए। ज्ञानखंड निवासी पूजा गुप्ता ने बताया कि पहले बारिश की वजह से बिजली नहीं आ रही थी। बारिश के बाद भी शुक्रवार को निगम ने बिजली काट दी पूरी रात में करीब चार घंटे कॉलोनी में बिजली नहीं रही। तुलसी निकेतन निवासी आरपी सिंह ने बताया कि बारिश के बाद से कॉलोनी के कुछ इलाकों में बिजली आने जाने की समस्या बनी रही।
सभी इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य है। कुछ इलाकों में मरम्मत कार्य के दौरान या छोटा फॉल्ट होने की वजह से आपूर्ति बाधित रही थी। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है। - बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम जोन तीन
-े