डाकिया अब डाक बांटने में हेराफेरी नहीं कर सकेंगे। उनकी लोकेशन अब मुख्य डाकघर के कंप्यूटर पर बराबर दिखेगी। मुख्य डाकघर के सभी डाकियों को स्मार्टफोन मिलने जा रहा है। मुख्य डाकघर में 19 फोन और सिमकार्ड पहुंच गए हैं। बृहस्पतिवार तक सिमकार्ड के एक्टीवेट होने के बाद शुक्रवार को हर डाकिये को इस दे दिया जाएगा।
सीनियर पोस्ट मास्टर जेएस बिष्ट ने बताया कि मास्टर प्लान के तहत योजना का शुभारंभ मुख्य डाकघर से किया जा रहा है। अब कविनगर पोस्ट और अन्य पोस्ट ऑफिस के डाकियों को भी यह सुविधा दी जाएगी। सिम के एक्टीवेट होने पर स्मार्टफोन लेकर डाकिए पोस्ट डिलीवर करने जाएंगे।
फोन में जीपीएस के जरिए जहां डाकिये की पल-पल की लोकेशन मिलेगी, वहीं डाक व पार्सल डिलीवरी के बाद डाकिये मोबाइल पर डाउनलोड एप के जरिए रिसीवर से डिजिटल हस्ताक्षर कराएंगे। इसके साथ ही डिलीवरी स्टेटस डाक विभाग की साइट पर अपडेट हो जाएगा।
स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल, मनी आर्डर सहित आदि की डिलीवरी पर हस्ताक्षर कराने होंगे, इसके साथ ही डिलीवरी पाने की आईडी भी चेक की जाएगी।