गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग और जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर लोनी तहसील कार्यालय में मंगलवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। यह बैठक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को पूरा करने के मद्देनजर आयोजित की गई। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेबल एजेंट नियुक्त करने के लिए कहा गया।
जॉइंट मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघानवाल ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। बैठक में फॉर्म 6, 7 और 8 की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों को दावा और आपत्तियां प्रस्तुत करने के संबंध में अवगत कराया गया। उन्हें एनवीएसपी एप के संचालन का प्रशिक्षण भी दिया गया। राजनीतिक दलों से बीएलए नियुक्त करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए कहा गया है। बैठक में राजनीतिक दलों से इंदरपाल कसाना, अजित कुमार, मेहरपाल सहित अन्य दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।