फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: 1642 करोड़ से लोनी के तीन नालों के पानी का होगा शोधन, साफ होगी यमुना

विज्ञापन
विज्ञापन
अनिल त्यागी
विज्ञापन

गाजियाबाद। लोनी के नालों से बहकर यमुना में पहुंचने वाली गंदगी पर लगाम लगाने के लिए 1642 करोड़ रुपये से तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। नमामि गंगे योजना के तहत इनमें क्षेत्र के तीन प्रमुख नालों के पानी को शोधित किया जाएगा। इसके लिए जल निगम ने विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर केंद्र सरकार को भेज दी है। डीपीआर पर केंद्र के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक भी हो चुकी है। फिलहाल, मंत्रालय स्तर पर इसका परीक्षण चल रहा है।
जल निगम के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि लोनी क्षेत्र के चार नालों का पानी सीधे यमुना में पहुंचता है। इनमें से अंकुर विहार डीएलएफ नाले के पानी को रोककर करहेड़ा स्थित एसटीपी से जोड़ दिया गया है। शेष तीन नालों इंदिरापुरी, बंथला और लालबाग के पानी के शोधन के लिए नमामि गंगे योजना के तहत एसटीपी निर्माण की परियोजना तैयार की गई है।
विज्ञापन

तीनों नालों की शोधन क्षमता भविष्य में क्षेत्र की बढ़ती आबादी और गंदे पानी की मात्रा को ध्यान में रखकर तय की गई है। इंदिरापुरी नाले के लिए 67.48 एमएलडी, बंथला के लिए 22.06 एमएलडी और लालबाग नाले के लिए 24.39 एमएलडी की क्षमता का एसटीपी प्रस्तावित है। इस तरह तीनों नालों से प्रतिदिन 113.93 एमएलडी तक पानी शोधित किया जा सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान में इन तीनों नालों से 60 एमएलडी से अधिक गंदा पानी निकल रहा है। क्षेत्र का विस्तार होने पर पानी की मात्रा बढ़ने के बावजूद प्रस्तावित व्यवस्था पर्याप्त रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि केंद्र सरकार के स्तर पर डीपीआर की समीक्षा चल रही है। अगले छह माह में परियोजना को मंजूरी मिलने की उम्मीद है। वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद इसे ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के धरातल पर उतरने से इन नालों का दूषित पानी सीधे यमुना में जाने से रोका जा सकेगा।
विज्ञापन


एक नाले का पानी करहेड़ा एसटीपी से जोड़ा
यमुना में पहुंचने वाली गंदगी को कम करने के लिए विभाग ने एक नाले पर काम शुरू कर दिया है। अंकुर विहार डीएलएफ नाले के पानी को रोककर करहेड़ा एसटीपी से जोड़ दिया गया है। इसके अलावा करहेड़ा क्षेत्र के 10 हजार घरों को सीवरेज पाइपलाइन से जोड़ा जा चुका है। शेष 29 हजार घरों को अगले दो माह में जोड़ने का लक्ष्य है। अधिकारियों के मुताबिक, एसटीपी में शोधित पानी हिंडन नदी में छोड़ा जाएगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें