गाजियाबाद/डासना। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भारतीय किसान संगठन के बैनर तले किसान सनसिटी के कार्यालय पर बुधवार दोपहर को तालाबंदी करने पहुंच गए। मौके पर तैनात पुलिसबल ने किसानों को तालाबंदी करने से रोक दिया। इस दौरान बिल्डर पक्ष से अधिकारियों ने किसानों की वार्ता कराई। 28 जनवरी को अधिकारियों की मौजूदगी में बिल्डर पक्ष से समस्या के समाधान को लेकर दोबारा वार्ता होगी। तीन बजे किसान अपने अपने घरों को लौटे।
भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेन्द्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान सनसिटी में पहुंचे। किसान अपने साथ जंजीर व ताला भी लेकर पहुंचे थे। जैसे वह बिल्डर के कार्यालय की तरफ बढ़े तो पुलिस ने उनको रोक दिया। इसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। किसानों ने कहा कि अधिग्रहित की गई जमीन में आठ फीसदी का हिस्सा किसानों को दिया जाए। जो जमीन अधिग्रहित भी नहीं हुई है, उसमें भी बिल्डर निर्माण कार्य करने में लगा हुआ है। पुलिस ने बिल्डर पक्ष के प्रतिनिधियों से उनकी वार्ता कराने का आश्वासन दिया। इसपर किसानों ने कहा कि जिस जमीन पर निर्माण कार्य चल रहा है, उसको तुरंत रोका जाए। इस दोनों पक्षों में सहमति बनी कि 28 जनवरी तक कोई भी निर्माण कार्य या अन्य कोई गतिविधि जमीन में नहीं होगी। अधिकारियों की मौजूदगी में सहमति बनने के बाद ही आगे कार्य किया जाएगा।
इस मौके पर लोकेश नागर, महेन्द्र प्रधान, इंद्र नागर,राजेश,गौरव उपाध्याय, अजय कुमार माैजूद रहे।