हिंडन एयरफोर्स स्टेशन में घुसे संदिग्ध सोनू को शनिवार को जेल भेजने के साथ ही पुलिस ने एयरबेस के बाहरी गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने शनिवार को एयरबेस के बाहर दिनभर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ भी की गई।
पुलिस की टीम रात भर हिंडन एयरबेस के बाहर सुरक्षा में तैनात रही। सुबह आठ बजे पुलिस की चेकिंग शुरू हो गई। हिंडन एयरबेस में जाने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के आसपास गश्त बढ़ा दी है।
जहां पहले एक ही पीसीआर गश्त करती थी, वहीं अब सभी पुलिस चौकियों की पीसीआर गश्त कर रही हैं। रात में हिंडन एयरबेस के चारों तरफ सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लैपर्ड भी गश्त करेगी।
थाना साहिबाबाद एसओ हरदयाल यादव ने बताया कि एयरबेस के चारों ओर चौकी इंचार्ज को गश्त बढ़ाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उनकी पीसीआर एयरबेस के आसपास गश्त करेगी।
हिंडन एयरबेस के अंदर देर रात बंद हुआ कांबिंग ऑपरेशन
हिंडन एयरबेस में संदिग्ध सोनू की गिरफ्तारी के बाद भी एयरफोर्स और सेना के जवानों का कांबिंग ऑपरेशन चला। दोनों की संयुक्त टीम ने कई घंटे तक हिंडन एयरबेस के चप्पे चप्पे की जांच की। जब अधिकारियों को कोई अन्य साथी नहीं मिला तो कांबिंग ऑपरेशन को शुक्रवार देर रात बंद कर दिया गया। इसके बाद शनिवार सुबह सेना के जवान हिंडन एयरबेस से रवाना हुए।
- बिना चेकिंग के नहीं करने दिया गया किसी को भी प्रवेश
हिंडन एयरबेस पर देर शाम तक स्थिति नॉर्मल हो गई थी। शाम को हिंडन एयरबेस के अंदर एक केंद्रीय विद्यालय का वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया था। शनिवार को सभी स्कूल सुचारु रूप से खुले। साथ ही हिंडन एयरबेस के अंदर बने अस्पताल और कैंटीन में लोगों को जाने दिया गया। हालांकि प्रवेश से पहले लोगों को कड़ी चेकिंग से गुजरना पड़ा। अंदर जाने वाले लोगों को बिना आईडी के जाने नहीं दिया गया।