साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के विक्रम एन्कलेव निवासी बंटी मिश्रा के पीछे-पीछे घर से निकला उनका पांच वर्षीय बेटा लापता हो गया। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस की पांच टीमों में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने घंटों की खोजबीन के बाद बच्चे को तलाश कर परिवार को सौंपा। बच्चा करीब एक किमी दूर भोपुरा मार्ग के पास मिला।
बंटी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। रविवार सुबह करीब 8 बजे वह घर ड्यूटी जाने के लिए निकले थे। उनकी पत्नी गृह कार्यों में व्यस्त थी। बताया कि तभी उन्हीं के पीछे-पीछे उनका बेटा भी घर से निकल गया। जब काफी देर तक बच्चा नहीं मिला तब उनकी पत्नी ने तलाश शुरू की और कॉल करके उन्हें भी सूचना दी। वह वापस घर लौटे और खोजबीन में जुट गए। काफी देर तक आसपास की गलियों व इलाकों में भी ढूंढा लेकिन बच्चा नहीं मिला। तब पुलिस से मदद की गुहार लगाई। प्रभारी एसीपी शालीमार गार्डन अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तुरंत ही पांच टीम बनाकर बच्चे की तलाश शुरू की गई थी। करीब पांच घंटे तक सर्विलांस टीम सीसीटीवी कैमरे खंगालती रही। इसके बाद बच्चे का सुराग मिला। घर से करीब एक किमी दूर भोपुरा मार्ग पर जाते हुए बच्चा दिखाई दिया। सड़क किनारे से बच्चे को पुलिस ने खोजकर उसे सकुशल परिवार के हवाले कर दिया। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।