गाजियाबाद। नवयुग मार्केट से पैठ बाजार हटाने के विरोध में शनिवार को गाजियाबाद हॉकर्स एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों पैठ बाजार विक्रेताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पैठ विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि नवयुग मार्केट में पिछले 37 वर्षों से पैठ बाजार लग रहा है लेकिन अब प्रशासन इसे हटाने पर तुला है। पैठ बाजार हटाए जाने से हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। एसोसिएशन के महामंत्री अशोक गौतम ने बताया कि यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
बावजूद इसके नवयुग मार्केट के व्यापारी जबरन पैठ बाजार हटवाना चाहते हैं। साप्ताहिक पैठ बाजार में गरीब और मध्य वर्ग के लोग खरीददारी करते हैं। यहां उन्हें सस्ता और अच्छा सामान मिलता है। यही नहीं रविवार के दिन नवयुग मार्केट के सभी सरकारी कार्यालय भी बंद रहते हैं।
कारोबारियों ने कहा कि वे लोग किसी भी कीमत पर नवयुग मार्केट में बाजार लगाना बंद नहीं करेंगे। शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। दरअसल, सांसद वीके सिंह शनिवार को कलक्ट्रेट में ही थे, ऐसे में पुलिस प्रशासन को डर था कि हॉकर्स सांसद के सामने कोई बवाल न कर दें। ऐसे में सुबह से ही कविनगर इंस्पेक्टर हेमंत राय के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को घेरे रखा।
राज्यमंत्री से मिले अभिभावक संघ के पदाधिकारी और ठेले-पटरी वाले
गाजियाबाद। पुराने बस अड्डे पर ठेली-पटरी लगाने वाले लोग शनिवार को राज्यमंत्री अतुल गर्ग से मिले। राज्यमंत्री के समक्ष रेहड़ी पटरी वालों ने अपनी समस्याएं रखीं। कहा कि समय-समय पर बिना नोटिस के प्रशासन उनके ठेले हटवा देता है।
वह लोग पिछले 40 वर्षों से पुराने बस अड्डे पर रेहड़ी लगाकर अपना व परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। समाजसेवी सुभाष त्यागी ने कहा कि यह लोग नाले के ऊपर पटरी रखकर अपनी दुकान लगाते हैं, जिसकी वजह से जाम भी नहीं लगता। बावजूद इसके उन लोगों को उजाड़ दिया जाता है।
अतुल गर्ग ने आश्वस्त किया कि शासन रेहड़ी-पटरी वालों के लिए जल्द ही नया नियम बनने जा रहा है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान निकल जाएगा। उधर, पब्लिक स्कूलों के बढ़े फीस मुद्दे पर शनिवार को अभिभावक संघ के पदाधिकारी भी अतुल गर्ग से मिले और मामले में हस्तक्षेप कर शासन की ओर से जल्द से जल्द निर्णय कराने की अपील की।
पदाधिकारियों ने उनको बताया कि स्कूलों के खिलाफ जांच रिपोर्ट प्रशासन ने शासन को सौंप दी है। इस दौरान शिवानी जैन, सचिन सोनी, शील शर्मा, चंद्रकला, नीतू, राखी आदि मौजूद रहे।