बाल्मिकी समाज के लोगों का कहना है कि वे सफाई कर्मियों की समस्या को उनके सामने रखने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पार्टी के लोगों ने उन लोगों को वहां से हटाने के लिए अभद्रता करते हुए हमला कर दिया। हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में लोग लाठी डंडों से युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। मामले में आकाश कुमार ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है। वीडियो में हमलावर पुलिस के सामने ही युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। मामले में पुलिस व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है।
आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आंबेडकर पार्क में चंद्रशेखर आजाद का एक सम्मेलन था। वह अपने तीन साथियों के साथ आंबेडकर पार्क के पास थे। चंद्रशेखर के आने पर वह उनकी कार के पास जाकर सफाई कर्मियों की समस्या के बारे में बता रहे थे। तभी उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से उन्हें वहां से हटाने के लिए कहा। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके सिर पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया गया। उनके साथ प्रमोद को भी इसमें काफी चोट आई है।
डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। वीडियो के आधार पर हमलावरों को पहचान की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सभा का माहौल बिगाड़ने का आरोप
पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए जा रहे सतपाल चौधरी ने बताया कि बीजेपी के लोगों ने सभा को खराब करने का प्रयास किया था। वह काले झंडे लेकर आए थे। जिसका पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था।