इंदिरापुरम। शहर का प्रह्लादगढ़ी इलाका आज भी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां सीवर का पानी सड़कों पर ओवरफ्लो हो रहा है। इससे पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल गई है। इसके चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है और लोग बीमारियों के डर में जीने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि इलाके में सड़क से लेकर सीवर तक किसी के भी हालात बेहतर नहीं हैं।
रिहायशी इलाकों के साथ-साथ सोम बाजार प्रह्लादगढ़ी की स्थिति भी बेहद खराब है। बाजार में पानी भरने के कारण आने-जाने का रास्ता बंद पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि कई हफ्तों से सोम बाजार ठीक से लग ही नहीं पा रही। न तो बैठने की जगह है, न ही खरीदारों के आने की सुविधा। स्थानीय निवासी कंचन यादव ने बताया कि इलाके में आए दिन लोगों को गंदगी और कूड़े के ढेर के बीच से निकलकर जाना पड़ता है। सोम बाजार के पास करीब सप्ताहभर से सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके चलते आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पानी का भराव होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ चुका है। इतना ही नहीं, लोगों का आरोप है कि मामले को लेकर लगातार निगम और संबंधित विभागों को शिकायत दी जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। निवासी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि इलाके की गंदगी, जलभराव और मच्छरों की समस्या से उन्हें राहत मिल सके।