गाजियाबाद। नंदग्राम के लोगों को अब सस्ती दरों पर ठंडा और आरओ फिल्टर्ड पानी मिलेगा। नगर निगम ने यहां पीपीपी मॉडल पर दो वाटर एटीएम का संचालन शुरू कर दिया है। सोमवार को महापौर अशु वर्मा और साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने वाटर एटीएम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही पांचों जोन में वाटर एटीएम खोले जाएंगे।
महापौर अशु वर्मा ने बताया कि इन वाटर एटीएम से एक रुपये में 250 मिली और दो रुपये में एक लीटर ठंडा आरओ फिल्टर्ड पानी मिलेगा। वहीं, 5 रुपये में 20 लीटर आरओ फिल्टर्ड पानी मिलेगा, हालांकि यह पानी ठंडा नहीं होगा।
उन्होंने बताया कि पीपीपी मॉडल पर वाटर एटीएम लगाए जाने की योजना को बीते साल ही मंजूरी दे दी गई थी। चुनाव आचार संहिता की वजह से काम रुका हुआ था। अब वाटर एटीएम लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पूरे शहर में 60 से ज्यादा वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। ऐसे क्षेत्रों को योजना में प्राथमिकता दी गई है, जहां पानी की किल्लत ज्यादा है या लोग घरों में आरओ सिस्टम लगाने में सक्षम नहीं है। निगम की योजनासबसे ज्यादा वाटर एटीएम ट्रांस हिंडन और लाइन पार क्षेत्र में लगाने की है।