गाजियाबाद। लखनऊ में सीएम आदित्यनाथ योगी के सभी प्राधिकरणों की संयुक्त बैठक लेने के बाद अब 12 अप्रैल को राज्यमंत्री आवास सुरेश पासी जीडीए अफसरों के साथ बैठक करेंगे। इसमें जीडीए के बड़े प्रोजेक्ट की समीक्षा भी होगी।
इससे पहले शनिवार रात को लखनऊ में मुख्यमंत्री की बैठक में प्रमुख सचिव सदाकांत ने जीडीए समेत सभी प्राधिकरणों के बड़े डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन दिया। गाजियाबाद के मेट्रो और एलिवेटेड रोड के प्रोजेक्ट की भी सीएम ने जानकारी ली।
शनिवार रात करीब सवा आठ बजे से सवा नौ बजे तक एक घंटे चली बैठक में सभी प्राधिकरणों के सीनियर अफसर भी मौजूद रहे। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से प्रभारी वीसी रवींद्र गोडबोले, चीफ इंजीनियर एससी द्विवेदी, अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन बैठक में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने बैठक में एक-एक प्राधिकरण के अफसरों से वार्ता नहीं की, बल्कि सभी प्राधिकरणों की ओर से प्रमुख सचिव आवास ने योजनाओं का प्रेजेंटेशन दिया। जीडीए के प्रभारी वीसी रवींद्र गोडबोले ने बताया कि बैठक में प्रेजेंटेशन अच्छा रहा।
मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव आवास ने मेट्रो और एलिवेटेड रोड समेत वर्तमान में चल रहे डेवलपमेंट के सभी प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को राज्यमंत्री आवास ने गाजियाबाद समेत तीन प्राधिकरणों की समीक्षा बैठक बुलाई है। प्रभारी वीसी ने बताया कि बैठक की तैयारियां की जा रही हैं। जीडीए की ओर से सभी प्रोजेक्ट का डाटा अपडेट कर लिया गया है।