बिजली कनेक्शन के लिए अब लोगों को विभागीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं काटने होंगे। लोगों को आसानी से बिजली कनेक्शन देने के लिए पावर कारपोरेशन ने सर्वदा योजना शुरू की है। कारपोरेशन की ओर से जिलेभर में जगह-जगह शिविर लगाए जाएंगे।
शिविर के अलावा लोग बिजलीघरों पर अधिकारियों से मिलकर भी आवेदन कर सकेंगे। 20 जून तक चलने वाली योजना में लोग नया कनेक्शन लेने के साथ आसानी से लोड बढ़वाने, घरेलू कनेक्शन को कॉमर्शियल कराने केलिए भी आवेदन कर सकेंगे। पावर कारपोरेशन ने कनेक्शन के लिए वैलिड आईडी की शर्तों को भी आसान किया है।
इसमें आधार कार्ड, वोटर आईकार्ड सहित कोई वैलिड आईडी नहीं होने पर भी उपभोक्ता केवल 100 रुपये के क्षतिपूर्ति बांड (इंडेमिनिटी बांड) पर प्री-पेड बिजली कनेक्शन ले सकेंगे।
किसी विवादित प्रॉपर्टी, स्ट्रीट वेंडर, झुग्गी-झौपड़ी में रहने वाले, निर्माणाधीन इमारत में रहने वाले व्यक्ति वैलिड आईकार्ड या फिर इंडेमिनिटी बांड के जरिए प्री-पेड कनेक्शन हासिल कर सकेंगे। एसई एसबी यादव ने बताया कि कनेक्शन टू ऑल योजना के अंतर्गत अभियान शुरू किया गया है। लोग आसान नियमों के तहत कनेक्शन हासिल कर सकेंगे।