स्विमिंग पूल को सील करते जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक कुमार। संवाद
गाजियाबाद। स्विमिंग पूल में युवक की मौत के बाद अब खेल विभाग और जिला प्रशासन की आंखें खुली हैं। घटना के बाद जिला क्रीड़ाधिकारी ने कहा कि बिना पंजीकरण संचालित हो रहे करीब 150 स्विमिंग पूलों को दोबारा से नोटिस भेजा जाएगा। वहीं, घटना वाले स्विमिंग पूल की जांच पूरी होने तक उसे सील कर दिया गया है। साथ ही इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
डासना स्थित रॉयल स्विमिंग पूल में मंगलवार को युवक शांतनु की नहाने के दौरान मौत हो गई थी। शांतनु की मौत के बाद अपर जिलाधिकारी नगर ने क्रीड़ाधिकारी अभिषेक धनुक को जांच सौंपी है। क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि पूल की गहराई पांच फीट है। वहीं, शांतनु की लंबाई पांच फीट पांच इंच थी।
मौत का कारण तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। जिले में कुल 90 स्विमिंग पूलों का पंजीकरण खेल विभाग में किया गया है। करीब 240 पूल जिले में संचालित हो रहे हैं। बताया कि पूर्व में स्विमिंग पूल के पंजीकरण कराने के लिए सभी को चेतावनी जारी कर दी गई है। इससे पूर्व में भी सभी को नोटिस जारी किया गया था। बताया कि अब दोबारा से बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे स्विमिंग पूलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। जवाब न आने की स्थिति में इन पर कार्रवाई की जाएगी।