साहिबाबाद। शहीद नगर निवासी सलमान और अमन पर क्षेत्र के ही रहने वाले तीन युवकों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। दोनों भाई अपने मामा के झगड़े का बीच-बचाव करने पहुंचे थे। मामला 23 मार्च का है। पुलिस ने शहीद नगर निवासी मोविन, साहिल और यामीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में सलमान ने बताया कि 23 मार्च की रात करीब 10 बजे उनके मामा शकील का अपने पड़ोसी मोविन, साहिल और यामीन से झगड़ा हो गया था। शोर सुनकर वह भाई अमन के साथ वहां पहुंचे। तब आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया तब आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मारने की धमकी देकर भाग गए। परिवार वाले दोनों घायल भाइयों को लेकर एमएमजी अस्पताल पहुंचे और यहां इलाज हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि दोनों पक्षों का पूर्व में झगड़ा हो चुका है। जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।