साहिबाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र के सूर्यनगर स्थित एक मकान की छत पर बने यूनिपोल पर चढ़कर 58 वर्षीय दिल्ली निवासी फईमुद्दीन ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों ने व्यक्ति को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने फईमुद्दीन को नीचे उतारा और उसके बाद काउंसलिंग की। फिर उन्हें उनके घर ले जाकर बेटे-बहू के सुपुर्द किया। पीड़ित ने बेटों से सम्मान और जीवन यापन के लिए खर्च न मिलने की बात कही।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि दोपहर करीब 12ः40 बजे पुलिस को लिंकरोड के सूर्यानगर क्षेत्र स्थित यूनिपोल पर चढ़कर एक व्यक्ति के फंदे से लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाकर नीचे उतारा और उसे काउंसलिंग के लिए थाने ले गए। यहां उससे बातचीत में व्यक्ति ने खुद को दिल्ली के नंदनगरी का रहने वाला फईमुद्दीन बताया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके दो बेटे हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। बताया कि दोनों बेटे बुढ़ापे की उम्र में न तो उन्हें सम्मान देते हैं और न ही जीवन-यापन के लिए खर्च देते हैं। इससे परेशान होकर शनिवार को उन्होंने आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस इरादे से वह यूनिपोल पर चढ़े और चादर से फंदा लगा लिया। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि जब पुलिस ने फईमुद्दीन के परिजनों से बातचीत कर बुलाने की कोशिश की तब काफी देर तक परिवार वाले पहुंचे ही नहीं। इसके बाद पुलिस खुद उन्हें घर तक ले गई और बेटे-बहू के हवाले किया।