साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने लूट व चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलरूप से गौतमबुद्धनगर के दादरी स्थित घोड़ी बछेड़ा का रहने वाला है। वर्तमान में दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित कोंडली गांव में उसका ठिकाना है।
एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि देर रात सुरक्षा को लेकर जारी हुए अलर्ट के चलते हिंडन हवाईअड्डे की तरफ जाने वाले मार्ग पर चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस पर फायरिंग करता हुआ भाग निकला। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर पर लगी और वह बाइक समेत गिर गया। पूछताछ में उसने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वहीं उसके पास से बरामद हुई बाइक उसने लोनी से चोरी की थी। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस भी बरामद हुआ है। वहीं आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट के 12 से भी ज्यादा मामले दर्ज मिले हैं।