उड़ी में सैनिकों पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन और श्रद्धांजलि सभा का सिलसिला जारी है। शनिवार को सामाजिक संगठनों ने पाक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के पुतले को पहले क्रेन के जरिए दस फीट ऊंचाई पर फंदे पर लटकाया फिर उसमें आग लगा दी।
परमार्थ समिति द्वारा किए गए इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की भी भारी भीड़ उमड़ी। विधान परिषद सदस्य प्रशांत चौधरी द्वारा पहले नवाज शरीफ के पुतले को क्रेन पर फांसी से लटकाया गया।
इसके बाद क्रेन से लटके पाक प्रधानमंत्री पर लोगों ने जमकर पत्थर, जूते, अंडे और टमाटर फेंके, इसके बाद अग्निबाण चलाकर पुतला फूंका। विरोध प्रदर्शन में संस्था के चेयरमैन वीके अग्रवाल, देवेंद्र हितकारी, बीके शर्मा, हरिओम पांडेय, मोहित बंसल, ज्ञानप्रकाश गुप्ता आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।
दूसरी ओर छात्र संगठन फ्यूचर ऑफ इंडिया द्वारा शहीद चौक घंटाघर पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान युवाओं ने पाक विरोधी नारे भी लगाए। इस मौके पर सचिन सिद्धार्थ, सचिन सोनी, हैप्पी चौधरी, हिमांशु लव आदि मौजूद रहे।