फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुलंदशहर: प्रेम-प्रसंग में मां-बेटे की हत्या, दो दिन घर में पड़े रहे शव, पति ने महिला के प्रेमी पर लगाया आरोप

Wed, 14 Jul 2021 11:15 PM IST
सुशील कुमार कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बुलंदशहर

सार

थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव रनायच निवासी रश्मि (40) पत्नी जसवंत अपने मानसिक रूप से दिव्यांग 22 वर्षीय बेटे विनोद के साथ पिछले पांच साल से किला रोड मुरारी नगर स्थित मकान में रह रही थी।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुरारी नगर में प्रेम-प्रसंग में मां-बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। दो दिन तक मकान के अंदर दोनों के शव पड़े रहे। बदबू आने पर मोहल्ले वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला के पति ने उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

विज्ञापन


थाना शिकारपुर क्षेत्र के गांव रनायच निवासी रश्मि (40) पत्नी जसवंत अपने मानसिक रूप से दिव्यांग 22 वर्षीय बेटे विनोद के साथ पिछले पांच साल से किला रोड मुरारी नगर स्थित मकान में रह रही थी। बताया जा रहा है कि रश्मि का नगर के ही एक व्यक्ति से काफी मेलजोल था। वह भी साथ में ही अक्सर उसी मकान में रहता था। 

पड़ोसियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों से मकान के बाहर ताला लटका था। मंगलवार की शाम खेलने के दौरान बच्चों ने मकान की खिड़की खोल दी। उसके बाद से मकान के अंदर से तेज दुर्गंध आनी शुरू हो गई। कुछ लोगों ने जब खिड़की से झांक कर देखा तो महिला के पैर का हिस्सा दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी। 
विज्ञापन


सूचना मिलने के बाद कोतवाली प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। ताला तोड़कर जब पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो रश्मि और उसके बेटे का शव पड़ा हुआ था। सूचना पर महिला का पति जसवंत भी पहुंच गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने महिला के प्रेमी रेशमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है। वहीं एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने भी मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया।  

पति-पत्नी की तरह रहते थे महिला और उसका प्रेमी
मृतका रश्मि के पति जसवंत ने बताया कि पिछले पांच साल से उसकी पत्नी अपने बेटे विनोद के साथ मुरारी नगर स्थित इस मकान में रह रही थी। बिजली घर नंबर चार निवासी रेशमपाल से उसकी पत्नी के संबंध करीब दस साल से थे। वह उसके प्रभाव में थी। रेशमपाल का पत्नी के पास मकान में अक्सर ही आना जाना था। दोनों पति-पत्नी की तरह रहते थे। कुछ दिन से रेशमपाल उसकी पत्नी रश्मि को प्रताड़ित करने लगा था। आरोप है कि वह रश्मि से पीछा छुड़ाना चाहता था। इसके चलते उसने रश्मि और बेटे विनोद की हत्या कर दी और बाहर से घर में ताला लगाकर वह भाग गया।

साजिश के तहत की गई वारदात
मुरारी नगर स्थित मकान में मां-बेटे की हत्या पूरे साजिश के तहत की गई। मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। उनकी पहचान न होने पाए इसके चलते हत्यारे सीसीटीवी की सीडीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए। यहां तक कि उन लोगों ने सीसीटीवी की एलसीडी भी तोड़ दी थी। घर में पंखा और चलता हुआ कूलर छोड़कर हत्यारे मकान के बाहर के गेट का ताला लगाकर चलते बने।

बेहोश करने के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका
हत्या के दौरान पड़ोसियों को भी कोई चीखपुकार नहीं सुनाई दी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कुछ खिलाकर मां-बेटे को पहले बेहोश कर दिया गया। उसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गई। दोनों शवों के गले में गमछा कसा हुआ पाया गया। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

 
विज्ञापन

रविवार को महिला ने बेचा था घर का कबाड़
पड़ोसियों के मुताबिक, रश्मि ने रविवार को कबाड़ी वाले को बुलाकर घर का कबाड़ बेचा था। उसके बाद उन्होंने रश्मि को नहीं देखा। पड़ोसियों ने बताया कि रश्मि अपने बेटे को लेकर हमेशा घर में ही रहती थी। बहुत कम ही वह बाहर निकलती थी। पड़ोस में भी उसकी किसी से ज्यादा बातचीत या मेलजोल नहीं था। यही वजह रही कि दो दिन तक शव पड़ा रहा और किसी ने ध्यान नहीं दिया।

मृतक महिला अपने पति और परिवार से अलग खुर्जा नगर स्थित मकान में अपने बेटे के साथ रहती थी। मकान भी उसके कथित प्रेमी द्वारा ही बनवाया गया था। महिला और उसके बेटे का खर्च भी प्रेमी ही वहन करता था। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रेमी महिला पर होने वाले अधिक खर्चों के चलते उब गया था। इसके कारण उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मृतक महिला के पति ने भी आरोपी प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कर जांच की जा रही है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें