यातायात माह में भी लोग नियमों की धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं। बिना सीट बेल्ट और बिना हेलमेट लोग सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं। बुधवार को यातायात माह के दूसरे दिन अमर उजाला टीम ने कई चौराहों के हालात देखे।
खुद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी ट्रैफिक नियमों को लेकर सचेत नहीं थे। कहीं पुलिसकर्मी बिना हेलमेट दुपहिया चला रहा था तो कहीं प्रशासनिक अधिकारी का सरकारी चालक भी बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन दौड़ाता नजर आया। हालांकि शहर में कई जगह पुलिसकर्मी चालान काटते हुए भी नजर आए।
स्थान: हापुड़ चुंगी
समय: दोपहर 12 बजे
यहां से गुजरने वाले अधिकतर बाइक सवार बिना हेलमेट ही वाहन दौड़ा रहे थे। चौराहे पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात थे, मगर वह सिर्फ जैसे मूक दर्शक ही बने हुए थे। लोगों में भी इन पुलिसकर्मियों को लेकर कोई खौफ नजर नहीं आ रहा था। लग ही नहीं रहा था कि गाजियाबाद में यातायात माह चल रहा है और पुलिस विशेष अभियान चला रही है।
स्थान: एसएसपी आफिस के सामने
समय- दोपहर एक बजे
एसएसपी आफिस के सामने से निकलने वाले अधिकतर पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के ही बाइकों पर सवार दिखे। एसएसपी आफिस के बाहर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने वाले होर्डिंग्स थे।
इसके बावजूद भी एक पुलिसकर्मी बिना हेलमेट यहां आराम से अपनी बाइक दौड़ाता हुआ निकल गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मी से जब पूछा गया कि आप इनका चालान क्यों नहीं काटते तो उन्होंने कहा कि बात स्टाफ की है।
स्थान: चौधरी मोड़
समय- दोपहर दो बजे
चौधरी मोड़ से गुजरने वाली अधिकतर कारों के चालकों ने सीट बेल्ट नहीं लगाई थी। इसी समय यहां से एक प्रशासनिक अधिकारी की गाड़ी भी गुजरी, मगर साहब के ड्राइवर भी बिना सीट बेल्ट के कार को चलाते हुए नजर आए।
चौराहे पर खडे़ लोग यही कहते नजर आए कि सरकारी अधिकारियों के ड्राइवरों के भी चालान करें तो पता चले। अभियान तो पुलिस सिर्फ आम जनता के लिए ही चलाती है। इस चौराहे पर अधिकतर युवतियां बिना हेलमेट मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरती नजर आईं।
स्थान: राजनगर एक्सटेंशन
समय- दोपहर 2.30 बजे
राजनगर एक्सटेंशन चौराहा पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी रॉग साइड चलने वाले वाहन चालकों के चालान काटते नजर आए। सीट बेल्ट और बिना हेलमेट के भी यहां जमकर चालान काटे गए। इसके साथ ही कई स्टूडेंट्स को चेतावनी देकर भी छोड़ा। पुलिसकर्मी लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करते भी नजर आए।
दो दिन में पुलिस ने काटे 280 चालान
यातायात माह के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने शुरूआती दो दिनों में करीब 280 चालान काटकर करीब चार लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक करीब 150 चालान बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों के चालन काटे गए है।
इसके अलावा बीना सीट बेल्ट, तीन सवारी वाले बाइक सवार, रांग साइड ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने वाले वाहनों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आने वाले दिनों में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और ब्लैक फिल्म लगाकर कार चलाने वाले वाहनों के चालन काटे जाऐंगे हैं।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्र्मियों का चालान काटकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बिना हेलमेट स्कूटी या बाइक पर चलने वाली युवतियों के भी चालान काटे जाएंगे। यातायात माह में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। - राजेश कुमार, एसपी ट्रैफिक, गाजियाबाद।