शहर का पहला सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट फिर एक महीना लेट हो गया। चार अक्तूबर को प्लांट का उद्घाटन होना था, लेकिन अभी तक नहीं हो पाया। बुधवार को नगर आयुक्त अब्दुल समद ने फोन पर ही जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर को जमकर हड़काया।
नगर आयुक्त ने नगर विकास सचिव को भी रिपोर्ट भेज दी। हालांकि अब जल निगम (कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज इकाई) के अधिकारी 9 नवंबर तक प्लांट चालू करने का दावा कर रहे हैं।
नगर निगम कूड़ा निस्तारण में अन्य कई शहरों से पीछे है। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के सर्वेक्षण में भी इसी की वजह से पिछड़ा है। निगम ने प्रताप विहार में 300 मीट्रिक टन क्षमता का सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट जल निगम से बनवाया है।
यह प्लांट जनवरी में शुरू होना था, लेकिन कभी विद्युत कनेक्शन, कभी ट्रांसफार्मर तो कभी बिजली की लाइन की वजह से एक-एक महीना लगातार पीछे खिसक रहा है। सितंबर महीने में जल निगम के अफसरों ने चार अक्तूबर को प्लांट का उद्घाटन करने की तारीख तय कर दी थी,
मगर बाद में ऐन वक्त पर इसे रद्द कर दिया गया। अब नवंबर शुरू होने पर भी प्लांट चालू नहीं हो पाया जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर आरबी राजपूत ने एक सप्ताह में प्लांट चालू करने का आश्वासन दिया है।
इस पर नगर आयुक्त ने 9 नवंबर को प्लांट चालू कराने के निर्देश दिए। उनका कहना है कि इस बार भी प्लांट चालू नहीं किया गया तो वह इसकी रिपोर्ट नगर विकास मंत्री को भेज कर जल निगम के संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की संस्तुति कर देंगे।
प्लांट में कुछ काम अधूरे थे, वह अब पूरे कर लिए गए हैं। प्लांट का ट्रायल भी हो चुका है। अब नगर निगम अधिकारी जो तारीख तय करेंगे, उसी पर प्लांट का उद्घाटन करा दिया जाएगा। - आरबी राजपूत, प्रोजेक्ट मैनेजर, सीएंडडीएस