गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट क्षेत्र में मालीवाड़ा चौक के पास 12 अक्तूबर को एक घटना हुई। स्कूटी सवार दो आरोपियों ने बाइक सवार कुलदीप की बाइक में पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद उन्होंने झगड़ा किया और कुलदीप के रुपये लेकर भाग गए।
सिहानी गांव स्थित मूलचंद एनक्लेव के निवासी कुलदीप ने सिहानी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कुलदीप 12 अक्तूबर को दोपहर करीब एक बजे अपने कार्यालय से नवयुग मार्केट स्थित एचडीएफसी बैंक में चेक जमा करने गए थे। बैंक का काम निपटाने के बाद वह अपनी बाइक से मालीवाड़ा चौक स्थित विमल फार्मा पर भुगतान लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में स्कूटी सवार दो व्यक्तियों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों व्यक्ति उनसे झगड़ा करने लगे। उन्होंने बातचीत में उलझाकर कुलदीप के रुपये ले लिए और मौके से भाग गए।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि कुलदीप की शिकायत के आधार पर 13 अक्तूबर को मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने में लगी है।