गाजियाबाद में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में 13 अगस्त बृहस्पतिवार को मसूरी स्थित 'मकतब-ए-इस्लामिया' द्वारा भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत 'हर घर तिरंगा' यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे और देशभक्ति के गीतों की धुन पर तिरंगा लहराते बच्चों का उत्साह देखने लायक था।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं, यात्रा के दौरान बच्चे स्वतंत्रता सेनानियों जैसे डॉ. बीआर अंबेडकर, शहीद भगत सिंह, जवाहरलाल नेहरू आदि के चित्र और सामाजिक सौहार्द व देशभक्ति से भरे स्लोगन जैसे “हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई - आपस में सब भाई-भाई” एवं “तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है” की पट्टिकाएं लेकर चल रहे थे।
तिरंगा यात्रा में बच्चों को गांधी जी, डॉ बीआर अम्बेडकर, पं. जवाहरलाल नेहरू, रानी लक्ष्मीबाई, चन्द्रशेखर आजाद आदि की वेश-भूषा धारण कराई गई थी, जो तिरंगा यात्रा में आकर्षण का केन्द्र बने। तिरंगा यात्रा को गांव की गली मोहल्लों से गुजारा गया, इस दौरान पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों की मौजूदगी रही, जिससे कार्यक्रम सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। क्षेत्र के बुजुर्गों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने भी यात्रा में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और देश की एकता व अखंडता का संदेश दिया। पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और देशभक्ति के तरानों से गुंजायमान रहा। मकतब के प्रधानाचार्य मौलाना कासिम कासमी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को सुदृढ़ करना है।