साहिबाबाद। टीला मोड़ थानाक्षेत्र में तीन अक्तूबर की रात को एलपीजी प्लांट के एक अधिकारी को बाइक ओवरटेक करने पर 8-10, लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने हॉकी स्टिक से पीटा और बाइक की चाबी छीनकर भाग गए। उन्होंने मंगलवार को इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
लोनी स्थित एचपीसीएल के एलपीजी प्लांट में तैनात सचिन राय रात 11 बजे ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। प्लांट से कुछ दूर चलते ही एक युवक से वाहन ओवरटेक करने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद वह घर की ओर चलने लगे। आधा किमी पहुंचने पर वह लोग पीछे से फिर आए और उनकी बाइक के सामने बाइक लगाकर रोक लिया।आरोपी ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और उसके 8-10 साथी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि हॉकी स्टिक से मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान हेलमेट लगे होने से सिर पर चोट नहीं लगी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पहचान करके आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।