गाजियाबाद के नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक वकील ने थाने जाकर खुद की जान की रक्षा के लिए गुहार लगाई। पहुंचते ही बोला, तीन बदमाशों ने उनकी सुपारी ली है। वह उन्हें मार डालेंगे। पूरी बात सुनने के बाद पुलिस हरकत में आई और सूचना फ्लैश कर दी।
विजयनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को पिस्टल, कारतूस और चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने केस दर्ज तीनों को जेल भेज दिया। विजयनगर एसएचओ महावीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपियों की पहचान थाना कोतवाली के जटवाड़ा डासना गेट राहुल चौधरी, ऋषभ और कल्लूपुरा निवासी अनुज शर्मा के रूप में हुई।
दिन में वकील से मिले थे तीनों आरोपी
नगर कोतवाली निवासी वकील इंसाफ अली शुक्रवार को अपने साथी के साथ विजयनगर के मवई निवासी अपने मुवक्किल के पास आए थे। वहां उन्हीं के पास काम करने वाला ऋषभ भी कॉल करके पहुंच गया। उसके साथ दो लोग और थे। वकील का आरोप है कि तीनों ने उनसे पिस्टल तानकर कहा कि उन्होंने उनकी सुपारी ले रखी है।
इस पर वकील के साथी ने पिस्टल छीनकर खाली की और तीनों को बाहर निकाला। उसके बाद से वकील ने आरोप लगाया था कि तीनों युवक उनकी हत्या की फिराक में घूम रहे हैं। वकील ने नगर कोतवाली में शिकायत की तो सूचना फ्लैश कर दी गई। थोड़ी देर बात तीनों पकड़ लिए गए। सूचना पर थाने पहुंचे वकील ने तीनों को पहचान भी लिया, लेकिन आरोपियों ने हत्या की फिराक में घूमने के आरोप को नकार दिया।