यूपी गेट पर किसानों के टेंट में लगेंगे देसी एसी
- फोटो : अमर उजाला
कृषि कानूनों को वापस कराने के लिए आंदोलन कर रहे किसानों ने अब गर्मी से बचने का इंतजाम भी शुरू कर दिया है। गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता ने पूरे आंदोलन स्थल पर देसी एसी लगवाने का निर्णय लिया है। यह देसी एसी बढ़ती गर्मी के साथ ही यूपी गेट पर लगने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने पानी और बर्फ को इकट्ठा करने की बात कही है।
उन्होंने बताया कि देसी एसी कूलर व पंखों की मदद से बनाए जाएंगे। वहीं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बनी टेंट सिटी को हटाया जा रहा है। उनके किसानों को तंबुओं में ही मच्छरदानी व कूलर, पंखे लगाकर शिफ्ट किया जा रहा है। शनिवार को 20 से अधिक टेंटों में मच्छरदानी, कूलर और पंखे लगाए गए।
गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के प्रक्ता जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि गर्मी में तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो गया है। इससे किसानों को सड़क और ट्रॉली में सोने व बैठने में दिक्कत होती है। बुजुर्ग किसानों को सोने के समय गर्मी में तबीयत खराब होने का डर रहता है। इसको देखते हुए यूपी गेट पर आंदोलनस्थल को देसी एसी से कवर किया जाएगा।
इसके लिए टाट की बोरी, ठंडा पानी और पंखे व कूलर की जरूरत होगी। पंजाब से आए सखराज सिंह व दलजीत सिंह ने बताया कि किसानों को गर्मी में कोई दिक्कत ना हो। इसके लिए पंजाब के तरणतारन से 80 से 100 कूलर जबकि ढाई से तीन हजार पंखे आ रहे हैं। उन्हें दो मार्च से सभी टेंट व लंगरों में लगाने का काम तेजी से किया जाएगा।