फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: चोरी का आईफोन खोज रही थी पुलिस, तलाश में हुआ अवैध तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़

Sat, 27 Feb 2021 11:58 AM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में अवैध फैक्टरी का मालिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गाजियाबाद कोतवाली पुलिस ने शहर के बीचोबीच चल रही तमंचा फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कैलाभट्ठा निवासी फैक्टरी संचालक सनाउल्लाह और नदीम और पटेल नगर निवासी रोहित शामिल हैं। 

विज्ञापन


पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने-अधबने तमंचे व रिवॉल्वर के अलावा कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस की मानें तो आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को तमंचे सप्लाई किए जा रहे थे। इसके अलावा पंचायत चुनाव के लिए भी जखीरा तैयार किया जा रहा था।

एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि कविनगर पुलिस ने चोरी के आईफोन के साथ रोहित को गिरफ्तार किया था। रोहित ने बताया कि उसने पांच सौ रुपये में उक्त आईफोन नदीम से खरीदा था। नदीम की धरपकड़ के दौरान उसके पास दो तमंचे भी मिले। तमंचों के बारे में पूछने पर उसने सनाउल्लाह से खरीदने की बात बताई। 
विज्ञापन


इसके बाद पुलिस टीम बनाकर सनाउल्लाह के घर पर दबिश दी गई तो वहां तमंचा बनाने की फैक्टरी चलती मिली। मौके पर मौजूद फैक्टरी संचालक सनाउल्लाह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक नदीम सनाउल्लाह से तमंचे खरीदकर लूटपाट की घटनाओं में इस्तेमाल करता था। 

एसपी सिटी का कहना है कि अवैध असलहा की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली सनाउल्लाह की कार भी जब्त की गई है। पूछताछ में सनाउल्लाह ने अपने कुछ अन्य साथियों और असलहा तस्करी में शामिल लोगों के नाम भी बताए, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।

विज्ञापन

पंचायती चुनाव से पहले दोबारा शुरू की फैक्टरी
पुलिस का कहना है कि सनाउल्लाह आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को तमंचे व रिवॉल्वर सप्लाई करता था। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में माहौल खराब करने वाले लोगों को सप्लाई करने के लिए तमंचे बनाए जा रहे थे। वह पूर्व में भी दो बार जेल जा चुका है। 

जेल से आने के बाद काम बंद रखना और पंचायत चुनाव से चंद दिनों पहले फिर से फैक्टरी शुरू करना इस बात को दर्शाता है कि पंचायत चुनाव में उसे असलहे सप्लाई करने थे। एसपी सिटी का कहना है कि इस दिशा में भी जांच की जा रही है।

दो हजार में तमंचा और 10 हजार में रिवॉल्वर
एसपी सिटी के मुताबिक सनाउल्लाह दो से ढाई हजार रुपये में तमंचे और 10 हजार रुपये में रिवॉल्वर बनाकर बेचता है। इसके अलावा उसने बताया कि वह ऑन डिमांड अवैध असलहा बनाता था। 

मौके से आठ बने तमंचे, एक रिवॉल्वर, दो अर्ध निर्मित तमंचे व एक रिवॉल्वर, सात कारतूस, पांच मोबाइल, एक कार व तमंचा बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। सनाउल्लाह ने यह भी बताया कि वह ऑर्डर पर ही अवैध हथियार बनाता था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें