मुरादाबाद मंडल के रोजा-सीतापुर सिटी सेक्शन पर काम के चलते दो दिन इस रूट पर रेल यात्रियों को परेशानी होगी। इस रूट पर ब्लाक लिए जाने के चलते कामाख्या-आनंद विहार (15621) साप्ताहिक एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन किया जाएगा। सीतापुर सिटी-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर आंशिक रूप से रद्द की जाएगी।
यह ब्लाक बृहस्पतिवार से ही लागू कर दिया गया है। अब शुक्रवार और शनिवार को भी इस रूट पर ब्लाक के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ब्लाक 16 जून से 18 जून तक रहेगा।
इस दौरान सीतापुर सिटी-दिल्ली पैसेंजर (54076/54075) को शाहजहांपुर स्टेशन पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा और यही से यह सीतापुर के लिए रवाना होगी। ब्लाक के दौरान कामाख्या से आनंद विहार जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस (15621) बुड़वाल-सीतापुर-शाहजहांपुर-चंदौसी की बजाय बुड़वाल से बाराबंकी-लखनऊ-शाहजहांपुर होेकर चंदौसी जाएगी। इस दौरान वह सीतापुर नहीं जाएगी। ऐसे में सीतापुर के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इन दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज गाजियाबाद में भी है। इनके अलावा दरभंगा-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस को मार्ग में 15 मिनट रोककर चलाया जाएगा। सीतापुर कैंट-शाहजहांपुर, सीतापुर सिटी-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। हालांकि इन ट्रेनों का असर गाजियाबाद में नहीं पड़ेगा।