गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के घूकना इलाके में 86 वर्षीय वृद्धा ने अकेले तीन बदमाशों के छक्के छुड़ा दिए। बदमाशों ने जब कुंडल लूटने की कोशिश की तो वृद्धा ने एक बदमाश को दबोचकर शोर मचा दिया। बदमाश ने उन्हें 10 मीटर तक घसीटा भी लेकिन उन्होंने उसे नहीं छोड़ा।
बदमाशों ने भी साथी को छुड़ाने की पूरी कोशिश की लेकिन असफल रहे। भीड़ को आता देख दोनों बदमाश भाग निकले। लोगों ने बदमाश की जमकर धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बदमाश के फरार साथियों की तलाश में जुट गई है।
हालांकि कुंडल खींचने के दौरान वृद्धा के कान फट गए हैं। साथ ही पैरों में भी खरोंचे आईं है। वृद्धा प्रेमवती ने बताया कि उनके बेटे ने उनके लिए कुंडल बनवाए थे। ऐसे में वह उनके लिए सबसे अजीज हैं।
घूकना गली-7 में संदीप तायल परिवार के साथ रहते हैं। त्यागी मार्केट में संदीप की कंफेक्शनरी शॉप है जबकि घर पर ही उन्होंने किराने की दुकान खोल रखी है। शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे संदीप की मां प्रेमवती (86) घर के बाहर स्थित दुकान के चबूतरे पर बैठी थीं।
इसी दौरान तीन युवक उनके पास आए और कुंडल लूटने की कोशिश करने लगे। इस पर वह बदमाशों से भिड़ गईं। बदमाशों ने उनके कान से कुंडल खींचे तो उनके कान कट गए। प्रेमवती ने शोर मचाया तो उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े।
इस पर तीनों बदमाश कुंडल छोड़कर भागने लगे तो प्रेमवती ने एक बदमाश का पैर पकड़ लिया। बदमाश ने करीब 10 मीटर उन्हें घसीटा मगर उन्होंने उसका पैर नहीं छोड़ा। दोनों बदमाशों ने अपने साथी को छुड़वाने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हुए।
इसके बाद लोगों को आता देख दोनों बदमाश भाग निकले। इस दौरान लोग पहुंच गए और बदमाश को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ सिहानी गेट परशुराम का कहना है कि आरोपी की काफी पिटाई की गई है और वह नशे में भी लग रहा है। वह अपना नाम भी नहीं बता पा रहा। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दो फरार साथियों को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
एक दिन पहले की थी रेकी
आसपास के लोगों ने बताया कि तीनों युवक आसपास के ही रहने वाले हैं। बृहस्पतिवार को भी लोगों ने उन्हें गली में ही रेकी करते देखा था। लोगों का कहना है कि तीनों युवक नशा करने के लिए लूटपाट करते हैं। लोगों का कहना है कि जल्द ही अगर फरार युवकों को नहीं दबोचा गया तो वे थाने पर प्रदर्शन करेंगे।