गाजियाबाद। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), एनआईटी और आईआईआईटी में दाखिले के लिए जेईई एडवांस-2017 का काउंटडाउन शुरू हो गया है। जेईई मेन-2017 में सफलता हासिल करने वाले करीब 2.20 लाख स्टूडेंट्स इस बार जेईई एडवांस में शामिल होंगे।
जेईई एडवांस के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। स्टूडेंट्स बगैर लेट फीस दो मई को शाम पांच बजे तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इसके बाद लेट फीस के साथ दो मई शाम पांच बजे से चार मई शाम पांच बजे तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
देशभर की 23 आईआईटी की 10572 सीटों पर प्रवेश के लिए जेईई मेन के मेधावी शामिल होंगे। जेईई एडवांस का फर्स्ट पेपर सुबह की पाली में सुबह नौ बजे से 12 बजे और सेकेंड पेपर दोपहर दो बजे से पांच बजे की पाली में होगा।
जेईई एडवांस के एडमिट कार्ड स्टूडेंट्स 10 मई सुबह 10 बजे से पेपर से पहले तक डाउनलोड कर सकेंगे। आईआईटी की ओर से जेईई एडवांस की आंसर-की चार जून को वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। गाजियाबाद, हापुड़ और बुलंदशहर से ही जेईई एडवांस में करीब 450 स्टूडेंट्स भाग लेंगे।
जेईई मेन में केडीबी और सिल्वर लाइन स्कूल के मेधावी छाए
सीबीएसई जेईई मेन के बीते बृहस्पतिवार को घोषित हुए परिणाम में केडीबी पब्लिक स्कूल और सिल्वर लाइन प्रैस्टीज स्कूल के स्टूडेंट्स ने भी बाजी मारी। केडीबी स्कूल के 25 मेधावी तो सिल्वर लाइन प्रैस्टीज स्कूल के 19 स्टूडेंट्स ने सफलता हासिल की है।
केडीबी स्कूल की प्रिंसिपल निवेदिता राणा ने बताया कि जेईई मेन में निकुंज अग्रवाल, विपिन कुमार, स्वस्थी जैन, चैतन्य निराग, देवांशु, साहिल जैन, उज्ज्वल शर्मा, माधव गोयल, संजय, विपुल कुमार, गौरांग, मनीषा, रौनक, यश गुप्ता, अमन झा, राघव, राहुल, सुमेंद्र, आकाश ने अच्छी रैंक हासिल की है।
सिल्वर लाइन स्कूल की प्रिंसिपल डा. माला कपूर ने बताया कि जेईई मेन में ओमांश, प्रखर, परिधि, विशाल, अंकित, गौरव, अंशिका, रितिका, अनुष्का, शुभम, रूपांशु, प्रणव, शुभांक, आयुष, हेमंत, कार्तिक, अर्पित, ऋषभ, अक्षित ने जेईई मेन में सफलता हासिल की है।