गाजियाबाद। क्राइम ब्रांच ने मुरादनगर क्षेत्र में एक कैंटर से 501 पेटी अवैध शराब बरामद की है। जिसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी सब्जियों के नाम पर कैंटर में शराब लेकर जा रहे थे। अंदेशा है कि तस्कर लोकसभा चुनाव में शराब को खपाने के लिए तस्करी कर रहे थे।
एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि पकड़ा गया तस्कर हरियाणा निवासी अनूप सिंह है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ट्रक चलता था। बिहार में शराब बंदी के बाद उसने जींद के रहने वाले राममेहर के साथ मिलकर बिहार में शराब पहुंचाने का काम शुरू किया। इस मामले में वह समस्तीपुर से जेल भी गया। इसके बाद वह अन्य लोगों के संपर्क आया और उसने पंजाब से शराब लेना शुरू किया। आरोपी महाराष्ट्र नंबर के कैंटर में शराब की पेटी को लोड कर उसमें सील लगा देता था। चेकिंग में वह उसे आयातित सब्जियां बताता था और सील खुलने पर शराब होने की जानकारी देता था। इस दौरान वह कई बार कुछ फर्जी पेपर का भी प्रयोग करता है। साथ ही सप्लाई के दौरान वह प्रमुख रास्तों के स्थान पर लिंक रोड का प्रयोग करता है। शराब पहुंचाने में उसे 50 हजार रुपये मिलते हैं। एडीसीपी अपराध सच्चिदानंद ने बताया कि गिरोह के अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।