गर्मियों की छुट्टियों में घूमने जाने के लिए अगर ट्रेनों में कंफर्म रिजर्वेशन नहीं मिल पाया है तो अब यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिल सकता है। रेलवे ने कई रूटों पर ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनें संचालित करने की घोषणा की है। इनमें से दो ट्रेनों को गाजियाबाद स्टेशन पर और एक को हापुड़ स्टेशन पर स्टॉप दिया गया है। यानी इन ट्रेनों से गाजियाबाद, साहिबाबाद, हापुड़ और नोएडा के हजारों यात्रियों को फायदा होगा।
नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल से 30 जून तक दिल्ली से वाराणसी के बीच स्पेशल सुपरफास्ट एक्सप्रेस चलाई जाएगी। इस अवधि में यह ट्रेन 56 ट्रिप लगाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली से यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को और वाराणसी से मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी। दिल्ली से शाम 7:30 बजे रवाना होकर यह ट्रेन 8:06 बजे गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद मुरादाबाद, लखनऊ होते हुए वाराणसी के लिए रवाना हो जाएगी। यह ट्रेन अगले दिन सुबह 9:45 बजे वाराणसी पहुंच जाएगी। वापसी में यह ट्रेन शाम 6:20 बजे वाराणसी से चलेगी और अगले दिन सुबह आठ बजे गाजियाबाद व 8:50 बजे दिल्ली स्टेशन पहुंच जाएगी।
दूसरी ट्रेन 30 अप्रैल से 27 जून तक आनंद विहार टर्मिनल से जोगबनी बिहार तक चलाई जाएगी। सप्ताह में एक दिन चलने वाली यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार आनंद विहार से रात 11:45 बजे रवाना होगी और रात 12:23 बजे गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंच जाएगी। दो मिनट बाद मुरादाबाद के लिए रवाना हो जाएगी। यह ट्रेन बृहस्पतिवार सुबह 5:20 बजे जोगबनी पहुंच जाएगी और उसी दिन सुबह 9 बजे आनंद विहार, दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी।
बीच में यह ट्रेन मुरादाबाद, चंदौसी, बरेली कैंट, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, सिवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर, बरौनी, बेगुसराय, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया, अररिया स्टेशनों पर भी रुकेगी।