बेसिक सुविधाओं से वंचित बस यात्रियों को नए साल में राहत मिलेगी। रोडवेज की ओर से इस साल गाजियाबाद के कौशांबी, मुरादनगर, मोदीनगर और दादरी बस स्टेशनों को सुविधाओं से लैस करने की तैयारी की जा रही है।
रोडवेज के आरएम पी के बोस ने बताया कि चारों बस स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। दादरी और मोदीनगर में कैंटीन और शौचालय बनाया जाना है। मुरादनगर बस अड्डे पर पीने के साफ पानी की व्यवस्था की जानी है।
डिपो पर कैंटीन के ठेकों को लेकर बातचीत चल रही है, जबकि शौचालय बनाने के लिए भी मुख्यालय से मंजूरी मिल गई है। एक हफ्ते में काम शुरू कराने के बाद जनवरी के अंत तक यात्रियों को सुविधाएं मिलने लगेंगी। उन्होंने बताया हालांकि कौशांबी पर शौचालय शुरू हो चुका है।
इसके साथ ही वेटिंग रूम का भी निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इस माह के अंत तक वेटिंग रूम बनकर तैयार हो जाएगा। लोगों को साफ पानी मिले इसके लिए सभी डिपो पर आरओ की व्यवस्था की जाएगी।