मुरादनगर। दहेज में कार और 20 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर सात माह की गर्भवती पत्नी को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पीड़िता के भाई की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के धौलड़ी रसूलपुर निवासी चांद की बहन नाजिया की शादी मुरादनगर के हकीमपुरा निवासी अबरार के साथ हुई थी। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष नाजिया का उत्पीड़न करता था। पांच अगस्त को नाजिया की तबीयत बिगड़ने पर मायके वालों को जानकारी दी गई। आरोप है कि नाजिया ने अपनी मां को फोन कॉल पर बताया कि उसके पति ने उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। एसीपी ने बताया कि मामले में महिला के पति अबरार को गिरफ्तार कर लिया गया है।